रायपुर (वनांचल न्यूज़) | मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में सुचारू धान खरीदी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायपुर जिला उत्साहपूर्वक धान खरीदी का त्योहार मना रहा है। इसी क्रम में आरंग विकासखंड के ग्राम पंचायत चपरीद स्थित धान खरीदी केंद्र में किसानों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए व्यवस्थित रूप से धान खरीदी की जा रही है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी, तहसीलदार सुश्री ख्याति नेताम द्वारा सभी व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से सुनिश्चित की जा रही हैं। केंद्र में हमाल, ऑपरेटर, पर्याप्त बारदाना, पेयजल, छायादार बैठने की व्यवस्था, मॉइश्चर मीटर सहित आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।आज तक चपरीद केंद्र में 19 किसानों ने टोकन लेकर कुल 790 क्विंटल धान का विक्रय किया है।

किसान श्री आशाराम साहू ने 50.40 क्विंटल धान बेचने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में बताया कि जिला प्रशासन द्वारा किसानों के लिए उत्कृष्ट सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा, “धान खरीदी को किसानों के लिए त्योहार की तरह मनाने हेतु मैं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”जिला प्रशासन द्वारा किसानों को समय पर टोकन, त्वरित तौल और पारदर्शी प्रक्रिया उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी है।
