नवनियुक्त मंडल प्रभारियों को विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने दी बधाई, कहा संगठनात्मक शक्ति से गढ़ेंगे महासमुंद में नया इतिहास

बसना (वनांचल न्यूज़)।भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में जिला महासमुंद के अंतर्गत विभिन्न मंडलों के लिए मंडल प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। संगठन द्वारा सौंपी गई इस नई जिम्मेदारी पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने नवनियुक्त प्रभारियों के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जिन ऊर्जावान, समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को यह दायित्व सौंपा है, उनके नेतृत्व से जिले में भाजपा संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा मंडल स्तर पर संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राजनीति में पद केवल अधिकार नहीं, बल्कि सेवा और दायित्व का माध्यम होता है। उन्होंने सभी प्रभारियों से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से सतत संवाद बनाए रखें और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुँचाने का कार्य करें।उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जहाँ प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। मंडल प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की यह नियुक्ति पार्टी के ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करने में सहायक सिद्ध होगी। सामूहिक प्रयासों से महासमुंद जिला भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होकर एक आदर्श संगठन के रूप में स्थापित होगा।इन नियुक्तियों के पश्चात महासमुंद जिले एवं बसना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं नवनियुक्त प्रभारियों के समन्वय से संगठन और विकास दोनों को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *