रायपुर (वनांचल न्यूज़)।शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बाधारहित बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस एवं नगर निगम रायपुर द्वारा संयुक्त रूप से दो माह की विशेष कार्ययोजना लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित बैठक में पुलिस एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने यातायात सुधार के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की।बैठक में डॉ. संजीव शुक्ला ने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों को चरणबद्ध रूप से नो-वेंडर एवं पार्किंग फ्री जोन घोषित किया जाएगा, जिससे यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके। इसके तहत मुख्य सड़कों से अवैध ठेला-गुमटी, अतिक्रमण एवं अनियंत्रित पार्किंग को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।इसी क्रम में विश्वदीप ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में वैकल्पिक वेण्डर जोन विकसित किए जाएंगे, जिससे सड़क मार्ग अतिक्रमण मुक्त रह सकें और आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं: शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर नो-वेंडर जोन बनाया जाएगा।
सभी प्रमुख चौक-चौराहों से 50-50 मीटर तक नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन लागू रहेगा। रिंग रोड नम्बर-01 में टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग एवं जेब्रा क्रॉसिंग विकसित की जाएगी। ऑटोमैटिक सिग्नल वाले चौक-चौराहों पर लेफ्ट टर्न को फ्री रखने हेतु आवश्यक संरचनात्मक व्यवस्था की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ-साथ क्रेन एवं टोइंग की कार्रवाई भी की जाएगी।पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन में नियमित निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अवैध पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा।इस विशेष कार्ययोजना का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
