रायपुर (वनांचल न्यूज़)। आबकारी विभाग रायपुर द्वारा अवैध मदिरा परिवहन एवं धारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान 77.4 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला तथा एक दोपहिया वाहन जप्त किया गया।सचिव सह आबकारी आयुक्त सुश्री आर. शंगीता के मार्गदर्शन एवं कलेक्टर रायपुर डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार यह कार्रवाई की गई प्राप्त सूचना के आधार पर गैतरा मार्ग, ग्राम चिचोली, थाना खरोरा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी रवि कुमार यादव पिता दिनेश यादव को संतरे रंग की बिना नंबर प्लेट की दोपहिया वाहन (टीवीएस जुपिटर) में अवैध रूप से मदिरा परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 180 नग पाव देशी मदिरा मसाला बरामद कर वाहन सहित जप्त किया गया।वहीं, एक अन्य प्रकरण में अवैध मदिरा धारण की सूचना पर वार्ड क्रमांक 10, ग्राम भूमिया, थाना तिल्दा निवासी आरोपी अनिल पारधी पिता मोहन पारधी के रिहायशी मकान में दबिश दी गई, जहां से 250 नग पाव देशी मदिरा बरामद की गई।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर राजेश शर्मा के नेतृत्व में उक्त प्रकरण सहायक जिला आबकारी अधिकारी वैभव मित्तल एवं आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त तिल्दा श्रीमती मेधा मिश्रा चोबै द्वारा पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक दिगंबर भूरा एवं आबकारी आरक्षक सुश्री वेद कतलम का विशेष योगदान रहा।
