कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, दवाओं के रिकॉर्ड और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने दिए निर्देश

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज जिला चिकित्सालय पंडरी का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन करते हुए स्टोर में उपलब्ध दवाइयों का भौतिक मिलान किया।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने निर्देशित किया कि एक्सपायर्ड दवाइयों का नियमानुसार एवं सुरक्षित तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी दवाइयों एवं सामग्री का विवरण स्टॉक रजिस्टर के साथ-साथ कंप्यूटर प्रणाली में भी अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से दर्ज किया जाए, ताकि रिकॉर्ड में पारदर्शिता एवं सटीकता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ई-कोर्ट वीडियो कांफ्रेंस कक्ष का भी निरीक्षण किया। कक्ष की खिड़की टूटी होने तथा साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों की न्यायालयीन उपस्थिति को अनावश्यक रूप से प्रभावित होने से बचाने हेतु कोर्ट अपीयरेंस को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने अस्पताल के स्टोर रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सभी उपकरणों एवं सामग्री का समुचित रिकॉर्ड संधारित करने तथा उनके व्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं मरीजों की सुविधा के अनुरूप होनी चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *