रायपुर में “Buddy-Buddy (बाल मैत्री)” पहल, बच्चों में विकसित हो रहा सामाजिक व शैक्षणिक कौशल

खेल-खेल में आंगनबाड़ी के बच्चों को स्कूल से परिचय

रायपुर (वनांचल न्यूज़)।महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले में “Buddy-Buddy (बाल मैत्री)” कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों को प्राथमिक शाला के वातावरण से परिचित कराते हुए उनके सहज एवं सुगम संक्रमण को सुनिश्चित करना है।आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से शाला पूर्व शिक्षा प्रदान की जाती है, लेकिन शाला में प्रवेश के प्रथम वर्ष में बच्चों को औपचारिक वातावरण, नियमों एवं भाषा के प्रयोग में कठिनाई होती है। इस समस्या के समाधान हेतु यह कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि एवं सहजता विकसित हो सके।“Buddy-Buddy” कार्यक्रम के अंतर्गत 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रतिमाह निर्धारित दिवस पर प्राथमिक शालाओं का भ्रमण कराया जाता है। इस दौरान बच्चों का कक्षा 1 के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से परिचय कराया जाता है, जिससे उनमें मित्रता, सहयोग एवं आपसी समझ का विकास हो सके।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वे बच्चों के साथ शाला भ्रमण के दौरान उपस्थित रहती हैं तथा पालकों को इसकी जानकारी प्रदान करती हैं। इसके साथ ही सुपोषण चौपाल, ईसीसीई दिवस, ईसीसीई मेला एवं पालक बैठकों में शिक्षकों को आमंत्रित कर समन्वय स्थापित किया जाता है।

शाला भ्रमण की तिथि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं शिक्षक संयुक्त रूप से निर्धारित करते हैं।इस पहल से बच्चों में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना का विकास हो रहा है, वहीं प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों में नेतृत्व एवं सामाजिक कौशल का भी संवर्धन हो रहा है। साथ ही विद्यालयों में सहयोगात्मक एवं सकारात्मक वातावरण निर्मित हो रहा है।इस कार्यक्रम के अंतर्गत बाल संरक्षण एवं सुरक्षा नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है।रायपुर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 मार्च को इस कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *