मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने का आह्वान, आरंग एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा के नेतृत्व में एक दिन में 30 नए सदस्य बने

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार आरंग एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा के आग्रह पर एक दिन में 30 नए सदस्य बने जिसमें पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच मैनेजर सुश्री नेहा तायल, एसडीएम कार्यालय आरंग के कर्मचारी श्री बृजलाल दीवान, श्री शेखर सिंह ठाकुर, श्री संतोष ध्रुव, आरंग निवासी श्री प्रथम द्वारकानी, सहित अन्य नागरिकों में श्री डी.के अग्रवाल, श्री रविंद्र कुमार, श्री सागर अग्रवाल, श्री उत्कर्ष दुबे सहित अन्य लोगों ने को रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता ग्रहण की। आरंग में 10 आजीवन सदस्य एवं 20 वार्षिक सदस्यों ने सदस्यता ली।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एक स्वतंत्र मानव समाजसेवी संस्था है, जो आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पित है। संस्था द्वारा भूकंप, आग, बाढ़ एवं सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तथा रक्तदान शिविरों का नियमित आयोजन किया जाता है।

संस्था से जुड़ने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सदस्यता प्रदान की जाती है, जिसमें संरक्षक सदस्य के लिए 25,000 रुपए, उप संरक्षक सदस्य के लिए 12,000 रुपए, आजीवन सदस्य के लिए 1,000 रुपए तथा वार्षिक सदस्यता के लिए 100 रुपए निर्धारित किए गए हैं।

इस अवसर पर रेडक्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से संस्था से जुड़कर मानव सेवा में योगदान देने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *