यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की सख्ती : दो दिनों में 193 वाहन चालकों पर कार्रवाई

00 ITMS कैमरों से जारी किए गए 5,748 ई-चालान, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी

रायपुर (वनांचल न्यूज)। शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में विगत दो दिनों के दौरान प्रत्यक्ष जांच के माध्यम से 193 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट एवं आड़े-तिरछे नंबर प्लेट वाले 62, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले 18, नो पार्किंग के 28, तीन सवारी के 26, शराब पीकर वाहन चलाने के 40, रंगीन फिल्म के 5, मॉडिफाइड साइलेंसर के 5 तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 9 मामलों में कार्रवाई की गई।

00 ITMS कैमरों से 5,748 ई-चालान जारी

यातायात नियमों के उल्लंघन पर निगरानी रखने के लिए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कैमरों का भी उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से विगत दो दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 5,748 ई-चालान जारी किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी, निर्धारित गति सीमा से अधिक गति, नो पार्किंग तथा गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे मामले शामिल हैं। यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

00 यातायात नियमों का पालन करने की अपील

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं और नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें। शराब का सेवन कर वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इसलिए शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें। यातायात पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *