रायपुर (वनांचल न्यूज )। सुंदर नगर स्थित घरौंदा आश्रम में कनिष्का फाउंडेशन छत्तीसगढ़ द्वारा दिव्यांग बच्चों के साथ गरबा महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उत्सव के दौरान गरबा की धुन पर बच्चों और संस्था की सदस्यों ने एक साथ नृत्य किया। इस दौरान पूरा आश्रम उत्साह, उमंग और खुशियों से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में घरौंदा आश्रम की संस्थापिका श्रीमती मीना शर्मा सहित आश्रम के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था की सदस्यों ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें त्योहार की खुशियों में सहभागी बनाया। गरबा महोत्सव के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीयता बढ़ाना, उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा समान अवसर और सम्मान का अनुभव कराना था।
इस अवसर पर कनिष्का फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष खुशबू शर्मा ने कहा कि संस्था सेवा, संवेदना और समर्पण के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियां पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। दिव्यांग बच्चे भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके साथ त्योहार मनाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना संस्था के लिए खुशी और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवाभावी आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम में नीतू सिंह, अन्नपूर्णा शर्मा, शुभांगी आप्टे, संध्या बडोले, लता लांजेवार, सारिका रंगारी, सुनीता मोदी, डॉली अमुले, गुनगुन शर्मा और लाडो शर्मा सहित संस्था की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। आयोजन में मोहित पुजारी का विशेष सहयोग रहा।
गरबा महोत्सव ने बच्चों को उत्सव के आनंद के साथ अपनत्व और सहभागिता का अनुभव कराया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, संवेदनशीलता और मानवीय सेवा की भावना का सुंदर उदाहरण बना।
