रायपुर (वनांचल न्यूज) । कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रायपुर द्वारा दिनांक 19 सितंबर 2026 को विकासखण्ड अभनपुर के विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रगतिरत बालिका शौचालय निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत तर्रा, कठिया, तोरला, तामासिवनी, भुरका, पोड, नवागांव (ल), थनौद, जवईबांधा, आलेखुंटा, छांटा एवं जामगांव में निर्माणाधीन बालिका शौचालयों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत तामासिवनी में निर्मित बालिका शौचालय के बीम तथा ग्राम पंचायत तोरला में कॉलम की गुणवत्ता में कमी पाई गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित निर्माण को तत्काल तोड़कर मानक गुणवत्ता के साथ पुनः निर्माण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण स्थल पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अभनपुर, कार्यक्रम अधिकारी VBG-RAM-G, संबंधित ग्राम पंचायतों के तकनीकी सहायक, रोजगार सहायक एवं सरपंच उपस्थित थे।
