उत्कर्ष योजना के तहत आवासीय विद्यालयों के इम्पैनलमेंट हेतु ‘रूचि की अभिव्यक्ति’ आमंत्रित

00 वर्ष 2026-27 के लिए उत्कर्ष योजना में शामिल होने का अवसर, 23 अप्रैल अंतिम तिथि

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। वर्ष 2026-27 के लिए मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में स्थित उत्कृष्ट आवासीय शिक्षण संस्थानों के इम्पैनलमेंट हेतु ‘रूचि की अभिव्यक्ति’ आमंत्रित की गई है।

इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, उन्हें बेहतर करियर विकल्पों के लिए तैयार करना तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा की सुविधा प्रदान की जाती है। चयनित संस्थाओं को विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क की प्रतिपूर्ति भी की जाएगी।

इच्छुक संस्थाओं को निर्धारित प्रारूप में अपने प्रस्ताव संबंधित जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में जमा करना होगा। रायपुर जिले के लिए प्रस्ताव सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, जिला रायपुर के कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल 2026, अपरान्ह 5 बजे तक निर्धारित की गई है। योजना से संबंधित मापदंड एवं विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.tribal.gov.in पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *