रायपुर (वनांचल न्यूज़)। रायपुर पुलिस द्वारा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। बीरगांव नगर निगम मुख्य मार्ग पर सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर आम नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान की गई।

पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) रमेश येरेवार, उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर सहित पुलिस बल तथा नगर निगम बीरगांव के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्यवाही की गई।
संयुक्त अभियान के दौरान सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से संचालित दुकानों, ठेलों, गुमटियों एवं अन्य अस्थायी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों पर अवैध कब्जे के कारण सड़क और फुटपाथ संकरे हो गए थे, जिससे आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
कार्यवाही के दौरान संबंधित संचालकों को समझाइश भी दी गई कि वे भविष्य में निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें। पुलिस एवं नगर निगम की टीम द्वारा यह कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न की गई।
इस अभियान के परिणामस्वरूप मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पुनः सुचारु हो गई है और नागरिकों को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत मिली है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाही भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।
