फॉर्म-7 को बल्क में स्वीकार करने के आरोप में एसडीएम व तहसीलदार पर कार्रवाई की मांग, जिला कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

रायपुर (वनांचल न्यूज़)। रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने एसडीएम एवं तहसीलदार द्वारा फॉर्म-7 को बल्क में स्वीकार किए जाने के मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने आरोपित अधिकारियों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की है।रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने बताया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा भाजपा मंडल के पदाधिकारियों से सांठगांठ कर फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से उत्कल समाज, गरीब, मजदूर, वर्ग विशेष एवं कांग्रेस समर्थित मतदाताओं को चिन्हांकित कर मतदाता सूची से नाम हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस गंभीर विषय की शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त से की गई है।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री पंकज शर्मा ने बताया कि विगत दिनों कांग्रेस कार्यकर्ता अरुण पांडे किसी आवश्यक कार्य से तहसील कार्यालय गए थे। वहां उन्होंने देखा कि भाजपा के पूर्व पार्षद, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल उपाध्यक्ष द्वारा बड़े-बड़े बंडलों में फॉर्म-7 तहसील कार्यालय स्थित निर्वाचन शाखा में जमा किए जा रहे हैं। जबकि स्पष्ट निर्देश है कि प्रत्येक बीएलए से अधिकतम 30 फॉर्म ही स्वीकार किए जा सकते हैं, इसके बावजूद राजनीतिक प्रभाव का उपयोग कर 400 से 500 फॉर्म एक साथ जमा कराए गए।इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेसजनों ने तहसीलदार का घेराव किया। घेराव के दौरान तहसीलदार ने बल्क में फॉर्म-7 स्वीकार किए जाने की बात स्वीकार की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। किंतु दो दिनों तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया।ज्ञापन में दोषी अधिकारियों के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 एवं 32 के तहत कार्रवाई करने, जमा किए गए सभी फॉर्म-7 आवेदनों का अवलोकन कराने तथा संबंधित बूथों के सभी राजनीतिक दलों के बीएलए की उपस्थिति में हस्ताक्षरयुक्त पंचनामा तैयार कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने कहा कि एसडीएम एवं तहसीलदार की इस कार्यप्रणाली से आम नागरिकों में अविश्वास की भावना उत्पन्न हो रही है और चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से शैलेष नितिन त्रिवेदी, श्रीकुमार शंकर मेनन, कुलदीप जुनेजा, पंकज शर्मा, आकाश शर्मा, इकराम अहमद, सजमन बाग सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *